अपराध के खबरें

बिहार: प्रसाद खाने से एक साथ बीमार हुए 40 लोग, मचा हड़कंप

संवाद 
रामनवमी के मौके पर आयोजित सत्यनारायण भगवान की पूजा का प्रसाद खाने से लगभग 40 लोग बीमार पड़ गए हैं, जिनमें बच्चे, महिला और पुरुष शामिल हैं। मामला मानसी थाना क्षेत्र के सैदपुर पंचायत का है। बीमार लोगों को सोमवार की रात सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी अनुसार रामनवमी की संध्या सैदपुर वार्ड नंबर-11, शर्मा टोला में प्रकाश शर्मा के यहां सत्यनारायण भगवान की पूजा के अवसर पर लोगों ने प्रसाद खाया। प्रसाद केला, दूध और गुड़ का बना हुआ था। 

सोमवार की रात एकाएक प्रसाद खाने वाले लोगों की हालत बिगड़ने लगी। उल्टी और दस्त शुरू हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना मानसी थाना को दी। इसके बाद सदर अस्पताल से दो एंबुलेंस भेजी गई। मानसी थाना की गाड़ी और निजी गाड़ियों से लाद-लादकर बीमार लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी का इलाज जारी है।

मानसी थानाध्यक्ष निलेश कुमार, मानसी प्रमुख वृंदा देवी, मुखिया बिजेंद्र यादव आदि वहां कैंप कर रहे हैं। मानसी थानाध्यक्ष ने बताया कि बीमार लोगों को सदर अस्पताल भेजा गया है। कुछ बीमार लोगों को भेजने की प्रक्रिया जारी ही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछेक लोगों की हालत गंभीर है। फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आ रहा है। बीमार कुछ के नाम कालो शर्मा, घलटू शर्मा, प्रतुष शर्मा, रानी देवी, प्रकाश शर्मा आदि शामिल हैं। प्रकाश शर्मा और रामबचन शर्मा उर्फ रामबरण शर्मा के घर के कई लोग बीमार हैं।

डीएम पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम आलोक रंजन घोष सदर अस्पताल खगड़िया पहुंचे। यहां उन्होंने बीमार लोगों का हाल-चाल जाना। इधर डीएम ने डॉक्टरों से भी बातचीत की। डीएम ने कहा चिकित्सकों को उचित दिशा निर्देश दिए हैं। इधर, डीएम ने कहा कि पूजा का प्रसाद खाने से लोग बीमार हुए हैं। उन्हें फूड प्वाइजनिंग हुई है। करीब 30 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। सभी को उल्टी और दस्त हो रहा है। इस मामले के बाद संबंधित गांव में हड़कंप का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live