अपराध के खबरें

नागालैंड में 20 सीटों पर लड़ेगी भाजपा, उम्मीदवारों की लिस्ट जारी; तेमजेन अलांग बोले- यह पहले वाली BJP नहीं है

संवाद 

 भाजपा ने गुरुवार को आगामी नगालैंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। भगवा पार्टी ने नागालैंड के लिए 20 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तेमजेन अमना अलांग अलोंटकी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।

सोशल मीडिया पर अपने खास अंदाज के लिए मशहूर राज्य भाजपा प्रमुख तेमजेन अमना अलांग ने बताया कि पार्टी ने सहयोगी एनडीपीपी के साथ सीट बंटवारे के तहत 20 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। नागालैंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में 27 फरवरी को होगा। नतीजे 2 मार्च को घोषित किए जाएंगे। 

तेमजेन अलांग ने कहा, "नागालैंड में भाजपा का विस्तार हो रहा है। सहयोगी एनडीपीपी के साथ सीट बंटवारे के बाद हमारे राष्ट्रीय नेताओं ने 40:20 के रेशियो से चुनाव लड़ने का फैसला किया है। एक कार्यकर्ता के रूप में, हमारे केंद्रीय नेता जो भी तय करेंगे हम उसका पालन करेंगे।" 

नागालैंड चुनाव 2023 पर नागालैंड के मंत्री तेमजेन ने कहा, "नागालैंड में बीजेपी वह नहीं है जो 15-20 साल पहले थी। हमारे कार्यकर्ताओं ने बहुत संघर्ष किया है। 1987 में नागालैंड में भाजपा की शुरुआत हुई, तब कुछ ही कार्यकर्ता थे। उनके आशीर्वाद और प्यार से आज 4 लाख से अधिक नागालैंड भाजपा कार्यकर्ता हैं। हम चुनाव के लिए तैयार हैं।"

तेमजेन ने कहा कि उन्होंने किस आधार पर (नागालैंड में सीटों के बंटवारे पर) फैसला किया है, ये तो केंद्रीय नेता ही जानते होंगे। लेकिन हम बहुमत के साथ (सत्ता में) आने के लिए सभी प्रयास करेंगे। इससे पहले गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। 

उन्होंने कहा, "हम नागालैंड की 60 में से 20 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। बाकी सीटें हमारे गठबंधन सहयोगी एनडीपीपी को दी गई हैं।"

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live