अपराध के खबरें

राजस्थान के मंत्री विश्वेंद्र सिंह के बेटे ने राहुल गांधी को बताया सिरफिरा और झक्की

संवाद 
राजस्थान में गहलोत के पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह के बेटे अनिरुद्ध सिंह ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को सिरफिरा बताकर सियासी बवंड़र खड़ा कर दिया है। अनिरुद्ध सिंह ने कमेंट करते हुए ट्वीट किया- वह झक्की-सिरफिरा हो गया है, जो दूसरे देश की संसद में अपने देश का अपमान करता है।

शायद वह इटली को अपनी मातृभूमि मानता है। राहुल गांधी को इटालियन बताने पर कई ट्वीटर यूजर्स ने सवाल उठाए तो अनिरुद्ध ने आगे लिखा- इटली के माफिया भारत में जमीन हड़प रहे हैं। पहले भी कांग्रेस नेताओं पर कमेंट करते रहे हैं। हालांकि, अपने बेटे अनिरुद्ध के किसी भी कमेंट पर विश्वेंद्र सिंह ने पिछले करीब तीन साल में कोई बयान नहीं दिया है। जब से अनबन हुई है, तब से बेटे के किसी कमेंट पर उन्होंने कोई रिएक्शन नहीं दिया। दरअसल, 2021 में अनिरुद्ध सिंह ने ट्वीट करके विश्वेंद्र सिंह पर मां के प्रति हिंसक होने, शराबी होने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे।

सचिन पायलट समर्थक माने जाते हैं अनिरुद्ध

राजस्थान की राजनीति में भरतपुर के राज परिवार से आने वाले मंत्री विश्वेंद्र सिंह पायलट समर्थक माने जाते थे। लेकिन बाद में पाला बदल लिया। विश्ववेंद्र सिंह अब गहलोत कैंप के माने जाते हैं। लेकिन उनके बेटे अनिरुद्ध सिंह सचिन पायलट को सीएम बनाने की मांग करते रहे हैं। दोनों बाप-बेटों के संबंध मधुर नहीं बताए जाते हैं। 

अनिरुद्ध सिंह अपने पिता विश्वेंद्र सिंह के खिलाफ भी बयानबाजी करते रहे हैं। अनिरुद्ध बाकी कांग्रेस नेताओं के खिलाफ बयानबाजी करते हैं, लेकिन सचिन पायलट के समर्थन में लगातार सक्रिय रहते हैं। उन्होंने अपने ट्वीटर बायो में भी अनिरुद्ध राजस्थान के मुद्दों पर खुद को सचिन पायलट स्कूल ऑफ थॉट का समर्थक लिखा हुआ है।

अपने पिता के खिलाफ दर्ज कराई थी शिकायत

अनिरुद्ध सिंह ने अगस्त 2021 में पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए खुद को अपने पिता से जान का खतरा बताया था। भरतपुर पुलिस अधीक्षक को दी गई की शिकायत में अनिरुद्ध सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पिता विश्वेंद्र सिंह की कोर टीम के लोग उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। 

उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच और सुरक्षा की मांग थी की थी।भरतपुर के पूर्व राजघराने में पिता, पुत्र और पत्नी के झगड़े में सियासी वजह भी है। चर्चा थी कि विश्वेंद्र सिंह की इच्छा के खिलाफ अनिरुद्ध ने उनके ट्विटर हैंडल से ऐसे ट्वीट करवाए, जो उनकी पॉलिटिकल लाइन के खिलाफ थे। 

भरतपुर के पूर्व राजघराने से जुड़े सूत्रों के मुताबिक विश्वेंद्र सिंह उनसे बिना पूछे उनके ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट्स को लेकर नाराज थे, क्योंकि उनसे विश्वेंद्र सिंह को नुकसान हुआ।बताया जाता है कि कांग्रेस और अशोक गहलोत के खिलाफ किए गए ट्वीट पर सिंह ने बेटे से नाराजगी जताई और इस पर झगड़ा हुआ। बेटे से झगड़े के बाद उन्होंने अपने ट्विटर, फेसबुक सहित सभी सोशल मीडिया अकाउंट बंद करवा दिए थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live