अपराध के खबरें

अभिनेत्री आकांक्षा सुसाइड केस में सिंगर समर सिंह पर FIR:मां बोली- रिलेशनशिप में बेटी को धोखा दिया, प्रताड़ित किया...उसको मार डाला

संवाद 

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में नया मोड़ आ गया है। सोमवार को मुंबई से बनारस पहुंची आकांक्षा की मां ने सारनाथ थाने में सिंगर समर सिंह, उनके भाई और दो अन्य सहयोगी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की हत्या हुई है। भोजपुरी सिंगर समर सिंह इसका दोषी है। उसने बेटी को रिलेशनशिप में धोखा दिया है।

उन्होंने कहा, ''समर बेटी को 3 साल से प्रताड़ित कर रहा था। फिल्म में काम करने पर पैसा नहीं देता था। जब भी आकांक्षा काम के पैसे उससे मांगती थी, तो उसके साथ मारपीट करता था। इतना ही नहीं, किसी दूसरे की फिल्म या गाने में काम करने पर भी मारता-पीटता था। वहीं, आज शव का पोस्टमॉर्टम भी होगा। रिपोर्ट आने के बाद काफी हद तक तस्वीर और साफ हो जाएगी। दूसरी तरफ फोरेंसिक टीम ने भी कमरे की जांच कर सबूत इकट्‌ठा किए।

इस मामले में एडिशनल सीपी संतोष सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आत्महत्या का केस लग रहा है। क्योंकि, दरवाजा अंदर से बंद था। उनकी मां की तहरीर पर सिंगर समर सिंह समेत 4 लोगों के खिलाफ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत FIR दर्ज की गई है। मां ने भी तहरीर में आत्महत्या की बात कही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। सारे साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस की मौजूदगी में मैनेजर ने खोला गया था कमरे का दरवाजा
27 साल की भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव रविवार को वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के सोमेंद्र होटल में कमरा नंबर-105 में मिला था। रविवार सुबह मेकअप मैन ने आकांक्षा दुबे को फोन किया। फोन न उठाने पर मेकअप मैन होटल पहुंचा। वहां आकांक्षा के कमरे का दरवाजा बंद था। होटल के कर्मियों ने मेकअप मैन को बताया कि आकांक्षा ने सुबह से नाश्ते का ऑर्डर नहीं दिया है।

इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। जब अंदर से कोई रिस्पॉन्स नहीं आया, तो उन्होंने पुलिस को बुलाया। मैनेजर ने पुलिस की मौजूदगी में मास्टर चाबी से दरवाजा खोला, तो आकांक्षा का शव पंखे से लटका मिला।

​​​​​1-रात 1.55 पर पार्टी से लौटीं, छोड़ने आया युवक 17 मिनट होटल में रहा
मूलरूप से भदोही की रहने वाली आकांक्षा घटना वाली रात किसी पार्टी में गई थीं। वहां से रात 1:55 बजे होटल लौटी थीं। होटल के मैनेजर ने बताया कि जब वह वापस आई थीं, तो उनको छोड़ने एक युवक भी आया था। रात 2:12 बजे वह युवक होटल से बाहर निकला। करीब 17 मिनट तक वह युवक होटल में रहा। पुलिस ने युवक की पहचान टिकरी के रहने वाले संदीप के रूप की है। वह आंकाक्षा को पहले से जानता था।

फिलहाल, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगा रही है कि आकांक्षा कहां और किस पार्टी में गई थीं? उस पार्टी में ऐसा क्या हुआ था कि वहां से लौटने के बाद वह आत्महत्या करने को मजबूर हो गईं।

2- पहले इंस्टा रील, फिर इंस्टा लाइव
पुलिस के मुताबिक, आकांक्षा ने होटल में आने के बाद इंस्टाग्राम पर रील अपलोड की। इसमें वह भोजपुरी सॉन्ग 'हिलोर मारे...' पर बेली डांस कर रही थी। रील में यह बेहद खुश नजर आ रही थीं। उनके चेहरे पर किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं झलक रही थी। यह रील होटल के उसी कमरे की थी, जहां उनका शव मिला। हालांकि, यह कब की है यह क्लियर नहीं हो पाया है। यानी, आकांक्षा ने उसी रात बनाई थी या पहले से बनाई थी।

आकांक्षा करीब 2:25 बजे इंस्टाग्राम पर लाइव हुई थीं। इस दौरान वह फूट-फूट कर रोते हुए नजर आई थीं। फिलहाल, यह वीडियो डिलीट हो चुका है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। आशंका है कि होटल आने के बाद अभिनेत्री ने किसी से फोन पर बात की। जिससे विवाद हुआ और उन्होंने भयानक कदम उठा लिया। यही नहीं, आकांक्षा ने घटना से करीब 23 घंटे पहले इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक शायरी भी पोस्ट की थी। शायरी थी...'देखेंगे राह तेरी चाहे जमाना लग जाए, या तो आ जाए तू या हम ही ठिकाने लग जाएं।'

3- अंदर रूम की लाइट आन थी, बाथरूम का नल खुला था
पुलिस जब मास्टर चाबी से होटल के रूम के अंदर दाखिल होती है, तो अभिनेत्री का शव एक दुपट्‌टे से लटकता था। जैसे लग रहा था कि वह बेड पर बैठी हुई हैं। उनका एक पैर फर्श पर और एक बेड पर था। एक हाथ भी बेड पर था। यही नहीं , रूम की लाइट भी जल रही थी। इतना ही नहीं बाथरूम का नल भी खुला था। उनका मोबाइल चार्ज पर लगा हुआ था।

4- समर सिंह से अफेयर और सोशल मीडिया पोस्ट से धोखा मिलने के संकेत
अभिनेत्री ने कुछ दिन पहले वैलेंटाइन डे पर अपना रिलेशनशिप ऑफिशियल किया था। उन्होंने अपने को-स्टार समर सिंह के साथ फोटो पोस्ट करते हुए हैप्पी वैलेंटाइन्स डे लिखा था। सुसाइड के बाद आकांक्षा का एक पुराना पोस्ट वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने फोटो पोस्ट करते हुए लिखा था, 'मोहब्बत तो तुझसे थी, लेकिन तेरी मोहब्बत ने जोर से खींच के तमाचा मार ही दिया मुझे।' उनकी फोटोज पर यूजर्स ने कमेंट्स भी किया था कि आखिर किसने उन्हें धोखा दे दिया?

5- एक्ट्रेस करियर के पीक पर थीं, फिर क्या सदमा लगा कि जान दे दी
घटना के बाद से सबसे बड़ा सवाल यह उभर कर आया है कि एक एक्ट्रेस जो अपने करियर की ऊंचाइयों को छू रही थी और अपनी अगली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थी। आखिर उसे ऐसा क्या सदमा लग गया कि उसने अपनी जान दे दी? पुलिस अब उनके मोबाइल की वॉट्सऐप और मैसेंजर चैट को खंगाल रही है।

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live