अपराध के खबरें

बॉस के दुर्व्यवहार की शिकायत करने पर युवा कांग्रेस नेता अंगकिता को पार्टी से निकाला

संवाद 

कांग्रेस की असम युवा इकाई की अध्यक्ष अंकिता दत्ता को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया। उनके खिलाफ यह कार्रवाई कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर की गई है।

अंकिता ने भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी पर मानसिक उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया था। इससे पहले उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव कुमार के विरुद्ध यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

कांग्रेस का 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा खोखला- भाजपा

भाजपा ने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। भाजपा ने कहा है कि कांग्रेस का 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का नारा खोखला है। 

भाजपा आइटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय ने ट्वीट किया, ''यह कांग्रेस का महिला सशक्तिकरण का माडल है। उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला की शिकायत सुनने के स्थान पर उसे निष्कासित कर दिया गया। जिस ढंग से अंकिता दत्ता को कांग्रेस ने निकाला गया है, वह महिलाओं के लिए प्रेरणादायक कतई नहीं है।''

''मुझे चुप रहने के लिए कहा गया''

अंकिता ने शुक्रवार को ट्वीट किया, ''छह महीने से बीवी श्रीनिवास द्वारा मानसिक उत्पीड़न और भेदभाव के बावजूद मुझे चुप रहने के लिए कहा गया। इस संबंध में कोई जांच भी शुरू नहीं की गई। मुझे पता है कि इससे मेरा राजनीतिक करियर समाप्त हो सकता है। यदि मुझे यही कीमत चुकानी है तो यही सही।'

असम कांग्रेस ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

इससे पहले असम कांग्रेस ने दत्ता को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इस नोटिस में उन्हें यह बताने के लिए कहा गया था कि उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जाए।

श्रीनिवास बीवी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस रवाना

असम पुलिस की एक टीम भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी को गिरफ्तार करने के लिए शनिवार को कर्नाटक के लिए रवाना हो गई। असम के डीजीपी जीपी सिंह ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने और ब्योरा देने से इनकार कर दिया। 

इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि मामला दर्ज होने के बाद अब कानून अपना काम करेगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस को इस मामले में एक जांच समिति का गठन करना चाहिए था और आपस में चीजों को सुलझाना चाहिए था।

अंकिता दत्ता के भाजपा में शामिल होने की संभावना को किया खारिज

मुख्यमंत्री ने अंकिता दत्ता के भाजपा में शामिल होने की संभावना को खारिज कर दिया। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख भूपेन बोरा ने आरोप लगाया है कि सरमा ने पुलिस शिकायत दर्ज कराने के लिए दत्ता को प्रेरित किया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live