अपराध के खबरें

PM Modi के दावे पर SBI ने लगाई मुहर, 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन जाएगा भारत

संवाद 

 पीएम नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को एक कार्यक्रम में यह कहा कि अगर उनकी सरकार तीसरे कार्यकाल के लिए चुन कर आती है तो वह भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना देंगे।

इससे भारत की आर्थिक विकास की संभावनाओं को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में बहस भी शुरु हो गई है।

इस बीच गुरुवार को एसबीआइ की शोध इकाई की तरफ से एक रिपोर्ट जारी की गई है जिसमें दावा किया गया है कि भारत वर्ष 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनोमी बनने की तरफ अग्रसर है।

 

दो वर्ष पहले ही हासिल होगा लक्ष्य

इसमें यह भी कहा गया है कि, पहले भारत वर्ष 2029-30 तक इस स्थान पर पहुंचता लेकिन अब दो वर्ष पहले यानी 2027 तक ही ऐसा होने का अनुमान लगाया गया है। हाल ही आइएमएफ ने भी एक रिपोर्ट में यह बात कही है कि जापान व जर्मनी को पीछे छोड़ कर भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाला है।एसबीआइ प्रमुख आर्थिक मुद्दों पर इकोरैप रिपोर्ट जारी करता है।

एसबीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल से जून, 2024 की पहली तिमाही में भारत की आर्थिक विकास दर 8 फीसद से ज्यादा रहने वाली है। इससे चालू वित्त वर्ष के दौरा सालाना विकास दर के 6.5 फीसद रहने की संभावना बन गई है। दुनिया में जहां अनिश्चितता बढ़ती जा रही है वहीं भारत के लिए 6.5 फीसद से 7 फीसद की विकास दर हासिल करना सामान्य हो चुका है।

हर वर्ष 0.75 ट्रिलियन डॉलर की होगी वृद्धि

रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2014 के बाद से भारत जिस आर्थिक विकास यात्रा पर है उसके हिसाब से यह वर्ष 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बडी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। यह हर लिहाज से बात ही उल्लेखनीय उपलब्धि है। वर्ष 2023 से वर्ष 2027 के बीच भारत की इकोनॉमी में आस्ट्रेलिया की इकोनॉमी से ज्यादा की वृद्धि हो जाएगी।

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि इस दर से भारत की इकोनोमी में हर वर्ष 0.75 ट्रिलियन डॉलर (750 अरब डॉलर) की वृद्धि होगी और इस हिसाब से वर्ष 2047 तक भारत 20 ट्रिलियन डॉलर (01 ट्रिलियन डॉलर= एक लाख करोड़ डॉलर) की इकोनॉमी बन जाएगा। 

एसबीआइ रिपोर्ट के मुताबिक, देश के दो राज्य उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की इकोनॉमी का आकार 500 अरब डॉलर से ज्यादा का हो जाएगा।

इन राज्यों की इकोनॉमी का आकार वियतनाम, नार्वे जैसे एशियाई और यूरोपीय देशों से ज्यादा का हो जाएगा। रिपोर्ट ने आर्थिक संवृद्धि के इस दौर की वजह से वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत पहचान बनने की भी बात कही है। 

रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2027 तक अमेरिकी इकोनॉमी का आकार 31.09 ट्रिलियन डॉलर का होगा और यह पहले स्थान पर होगी।

दूसरे स्थान पर चीन 25.72 ट्रिलियन डॉलर के साथ होगा। तीसरे स्थान पर भारत (5.15 ट्रिलियन डॉलर) का होगा। तीसरे स्थान पर होने के बावजूद चीन और भारत में काफी बड़ा अंतर होगा। दुनिया की इकोनॉमी में चीन की हिस्सेदारी 20.2 फीसद की होगी जबकि भारत का हिस्सा चार फीसद होगा। जाहिर है कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में भी भारत काफी पीछे होगा।

कई अर्थविद मानते हैं कि किसी भी देश में कितनी समृद्धि आई है इसका सही आकलन वहां प्रति व्यक्ति आय में दर्ज वृद्धि के आधार पर होना चाहिए। एसबीआइ का यह आकलन आइएमएफ की तरफ से जुलाई, 2023 में ही जारी एक रिपोर्ट से काफी मिलता-जुलता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live