अपराध के खबरें

देश में प्रचंड गर्मी से मचा त्राहिमाम, राजस्थान में 50 डिग्री पहुंचा पारा; मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

संवाद 


देश के बड़े हिस्से में प्रचंड गर्मी पड़ रही है जो करोड़ों लोगों की सहनशक्ति की परीक्षा ले रही है। राजस्थान के फलौदी में शनिवार को तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

राज्य में चार दिन में 19 लोगों की गर्मी के कारण मौत हुई है।

राजस्थान के ही चूरू में 50 डिग्री से ज्यादा रहा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार एक जून, 2019 के बाद से 50 डिग्री सेल्सियस तापमान देश में सबसे अधिक है, तब राजस्थान के ही चूरू में 50.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। अत्यधिक गर्मी ने न सिर्फ उत्तर के मैदानी इलाकों और मध्य क्षेत्रों को, बल्कि हिमाचल प्रदेश एवं पूर्वोत्तर में असम व अरुणाचल प्रदेश की पहाडि़यों को भी प्रभावित किया है।

मई में रिकार्ड तोड़ तापमान दर्ज

दिल्ली में छह स्थानों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया। बंगाल के कूच बिहार (40.5 डिग्री), असम के सिलचर (40) व लुमडिंग (43) और अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर (40.5) व पासीघाट (39.6) में अब तक का उच्चतम तापमान दर्ज किया गया। असम के तेजपुर (39.5), मजबत (38.6), धुबरी (38.2), उत्तरी लखीमपुर (39.2) और मोहनबाड़ी (38.8) में मई का रिकार्ड तोड़ तापमान दर्ज हुआ।

जोधपुर में 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज

आंकड़ों से पता चला है कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश में कम से कम 17 स्थानों पर शनिवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया गया। राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बाड़मेर में शनिवार को तापमान 48.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जैसलमेर में 47.8 डिग्री, बीकानेर में 47.2 डिग्री एवं जोधपुर में 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इसके बाद राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने जिला कलेक्टरों को लोगों, जानवरों और पक्षियों को गर्मी से राहत देने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। राज्य सरकार ने प्रदेश में छह लाख पौधे लगाने का फैसला किया है। इस मानसून मौसम में खनन क्षेत्र में पांच लाख पौधे लगाए जाएंगे।

29 मई तक जारी रहेगी भीषण गर्मी

दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 29 मई तक भीषण गर्मी जारी रहेगी। भीषण गर्मी का असर हिमाचल प्रदेश, असम और मेघालय के पहाड़ी इलाकों पर भी पड़ेगा।

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए रेड वार्निंग जारी की गई है, जो सभी के लिए गर्मी से जुड़ी बीमारियों की ''बहुत अधिक संभावना'' का संकेत है।

मौसम विभाग ने कहा है कि गर्म रातों की स्थिति अगले चार दिनों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में गर्मी से संबंधित परेशानी को बढ़ा सकती है। रात का उच्च तापमान विशेष रूप से खतरनाक होता है क्योंकि शरीर को ठंडा होने का मौका नहीं मिलता है।

150 प्रमुख जलाशयों का जलस्तर गिरा

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, भारत के 150 प्रमुख जलाशयों में जल भंडारण पिछले सप्ताह पांच वर्षों में सबसे निचले स्तर पर आ गया, जिससे कई राज्यों में पानी की कमी बढ़ गई और पनबिजली उत्पादन पर काफी असर पड़ा है।

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

live